चोरों ने केबल काटने का किया प्रयास, गार्डों का मोबाइल और टार्च छीना
बोकारो: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के सीसीएल कारो स्पेशल फेज दो परियोजना पर शनिवार की रात्रि साढ़े बारह बजे लगभग डेढ़ दर्जन की संख्या में चोरों ने धावा बोला। चोरों ने सबसे पहले शाॅर्ट सर्किट से परियोजना की बिजली सप्लाई बाधित कर दी। बिजली की सप्लाई बाधित होते ही परियोजना के सुरक्षा गार्डों कृष्ण मोेहन, सुनील और इदरीस ने परियोजना के ट्रांसफार्मर के सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया। साथ ही उन्होंने इसकी सूचना खान प्रबंधक शंभूनाथ को दी। खान प्रबंधक ने चोरों के आगमन की सूचना स्थानीय थाना के इंस्पेक्टर परमेश्वर लेयांगी तथा परियोजना के पीओ को दी। इधर चोरों ने उपरोक्त सभी तीनों सुरक्षा गार्डों को कब्जा में लेकर धक्का मुक्की करते हुए उन्हें जंगल की ओर ले जाने लगे। चोरों के आगमन की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस तत्काल परियोजना पहुंची। पुलिस को आता देख सभी चोर उपरोक्त तीनों गार्डोें के पास का टार्च एवं मोबाइल छीनकर भाग गये। परियोजना में विगत एक पखवाड़े के दौरान चोरों द्वारा चार बार धावा बोल परियोजना कार्यालय, तथा ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर उससे काॅपर वायर की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है।



