Lohardaga News: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर डालसा की बैठक, अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन पर जोर

लोहरदगा: लोहरदगा में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) लोहरदगा के सचिव मनोरंजन कुमार ने 20 अगस्त को डालसा सचिव कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक का आयोजन झालसा, रांची तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के निर्देशानुसार किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों को इसका लाभ पहुंचाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विभागवार लंबित मामलों का आंकड़ा मांगा
डालसा सचिव ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़े लंबित एवं निष्पादन योग्य मामलों का अद्यतन आंकड़ा तैयार कर समय पर डालसा को उपलब्ध कराएं। इससे राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को सूचीबद्ध कर उनका सुलह एवं समझौते के आधार पर निष्पादन कराया जा सकेगा। बैठक में लंबित मामलों की पहचान करने, संबंधित पक्षकारों को नोटिस उपलब्ध कराने तथा विभागीय स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित करने को लेकर भी चर्चा हुई।
गलत कार्य करने वालों पर कार्रवाई की बात
डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने कहा कि ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई जरूरी है, जो गलत कार्यों में संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि लोग गलत कार्य करने से पहले उसके परिणाम के बारे में सोचें।
आम लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील
मनोरंजन कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों के त्वरित एवं आपसी सहमति से समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान करा सकते हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं।


