Sahibganj News: राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, विचारों और आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

साहिबगंज: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती जिला कांग्रेस कार्यालय, साहिबगंज में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बरकतउल्ला खान ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेसजनों द्वारा राजीव गांधी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जयंती की बधाई दी और राजीव गांधी के आदर्शों एवं विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बरकतउल्ला खान ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को नई दिशा दी। सूचना एवं प्रौद्योगिकी, संचार, आधुनिक शिक्षा तथा पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना था कि भारत का युवा आधुनिक शिक्षा और तकनीक से सशक्त होकर देश को विकास एवं प्रगति के पथ पर आगे ले जाएं। आज उनके विचार और दूरदृष्टि पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं।
आगे उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करें। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, प्रखंड एवं नगर कांग्रेस के नेता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम कार्यक्रम के दौरान माहौल देशभक्ति और संकल्प से भरा रहा।


