साहिबगंज महाविद्यालय में नव नामांकित छात्रों का परिचय कार्यक्रम आयोजित

साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय के रमन विज्ञान भवन स्थित भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा नव नामांकित यूजी सेमेस्टर-1 के छात्र-छात्राओं के लिए परिचय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह थे। उन्होंने सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में चयनित होने पर बधाई दी।
इस अवसर पर उन्होंने विज्ञान विषय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान न केवल ज्ञान बढ़ाता है बल्कि देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. सिंह ने छात्रों को अनुशासन और नियमितता पर जोर देते हुए कक्षा में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की हिदायत दी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि छात्र भौतिक शास्त्र के सैद्धांतिक और प्रायोगिक दोनों पक्षों पर समान रूप से ध्यान दें, तभी वे विषय की गहराई को समझ पाएंगे।
कार्यक्रम में भौतिक शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार साहा और प्रोफेसर कुमार चंदन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। विभागाध्यक्ष डॉ. साहा ने विभाग की गतिविधियों और सुविधाओं की जानकारी देते हुए नए छात्रों का स्वागत किया। परिचय कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को विभाग, पाठ्यक्रम और महाविद्यालय के नियमों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।


