महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा व सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है: कल्याणी

देवघर: राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कल्याणी शरण, सदस्य शर्मिला सोरेन, पूनम प्रकाश, आरती राणा द्वारा देवघर परिसदन में ओपन कोर्ट के तहत महिला अत्याचार से संबंधित विभिन्न मामलों की सुनवाई की गयी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा विगत दो वर्षों में देवघर जिला के विभिन्न थानों में महिला अत्याचार से संबंधित दर्ज सभी काण्डों की विवरणी व डायन बिसाही के दर्ज मामले की विस्तृत जानकारी आयोग को उपलब्ध करायी गई। साथ ही जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा देवघर के कामगार महिलाओं/छात्राओं के छात्रावास से संबंधित जानकारी एवं सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा अपने क्षेत्र के घरेलू हिंसा एक्ट 2005 के तहत डी0आई0आर0 फाॅर्म भरने संबंधी विस्तृत जानकारी आयोग को दी गयी। साथ हीं आयोग द्वारा असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी देवघर को पी0सी0पी0एन0डी0टी0 एक्ट के तहत कृत कार्रवाई संबंधी ब्यौरा उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया।
ओपेन कार्ट में मामलों की सुनवाई के क्रम में कई पीड़ित महिलाओं द्वारा अपनी समस्या आयोग के समक्ष रखी गई। जिस पर अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत मामलों की जाँच करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक को दिया गया। साथ ही कहा गया कि घरेलू हिंसा से संबंधित जो भी केस आये उस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका निष्पादन किया जाय। साथ ही उनके द्वारा वहाँ उपस्थित सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि उनके द्वारा आँगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से लोगों के बीच घरेलू हिंसा प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित जागरूकता फैलाई जाय।
इसके अलावा उनके द्वारा पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य महिला आयोग सभी महिलाओं की सुरक्षा एवं सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है। घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न व अन्य शारीरिक/मानसिक दुव्र्यवहार से पीड़ित महिलाओं का सहयोग करना और उन्हें न्याय दिलाना इस आयोग का मुख्य उद्देश्य है परन्तु यह भी आवश्यक है कि महिलाएं स्वयं जागरूक हो आगे आयें और अपने साथ हो रहे दुव्र्यवहार या घरेलू हिंसा की शिकायत नजदीकी थाना में दर्ज करें। ताकि उनके शिकायत के आधार पर जांच कर दोषी के विरूद्ध उचित कार्रवाई की जा सके। इसके लिए वे महिला आयोग का सहयोग भी ले सकते हैं। साथ हीं उनके द्वारा बताया गया कि आयोग द्वारा इस वर्ष से महिला उत्पीड़न व घरेलु हिंसा से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन करने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जायेगा। ताकि दूसरे लोग भी उनके समान कार्य करने को प्रेरित हो सकें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, राज्य महिला आयोग के अंडर सेक्रेटरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।


