Sahibganj News: NH-80 पर अतिक्रमण से परेशानी, सड़क पर सुखाया जा रहा पटसन

साहिबगंज: राष्ट्रीय राजमार्ग- 80 पर अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। महाराजपुर, सुखसेना, बुधबरिया, टपुआ, कन्हैयास्थान, और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इसी मुख्य सड़क पर पटसन सुखा रहे हैं, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि इस क्षेत्र में पटुवा यानी पटसन की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। फसल काटने के बाद पटसन को पहले पानी में सड़ाया जाता है। इसके बाद निकलने वाले रेशों को सुखाने के लिए किसान राष्ट्रीय राजमार्ग-80 के किनारे और बीच सड़क पर ही फैला देते हैं। इसी रेशे से आगे चलकर जूट की बोरियां व अन्य समग्री तैयार की जाती हैं, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा हैं।
ग्रामीणों और वाहन चालकों का आरोप है कि सड़क पर पटसन फैले होने के कारण दोपहिया वाहन फिसल जाते हैं और तेज रफ्तार वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। शाम और रात के समय बिना किसी निशान के फैले पटसन के कारण हादसे की आशंका भी बनी रहती है। एक बाइक चालक ने बताया कि सड़क पर पटसन की वजह से गाड़ी स्किड करती है। कई बार बाल-बाल बचे हैं। प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए।
लोगों का कहना है कि पटसन सुखाना किसानों की मजबूरी है, लेकिन इसके लिए प्रशासन को खाली सरकारी जमीन या सुखाने के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने चाहिए। इससे किसानों का काम भी हो जाएगा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी बाधित नहीं होगा।
फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर फैले पटसन के कारण जाम और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और एनएचएआई से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।


