Bokaro News: उपायुक्त अजय नाथ झा ने फसल बीमा जागरूकता वैन को दिखाई हरी झंडी

बोकारो: सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय परिसर से बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2026) को लेकर जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता वैन के माध्यम से जिले के किसानों को फसल बीमा योजना के लाभ एवं प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिले में 53,224 किसानों को फसल बीमा योजना से आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसान योजना से जुड़कर अपनी फसलों का बीमा कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल क्षति होने की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
उन्होंने बताया कि किसान 31 अगस्त 2026 तक फसल बीमा योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। किसान अपने नजदीकी पैक्स अथवा प्रज्ञा केंद्र (सीएससी सेंटर ) में मात्र एक रुपये टोकन राशि देकर अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। यह सुविधा ऋणी एवं गैर-ऋणी दोनों किसानों के लिए उपलब्ध है।
उपायुक्त ने कहा कि जागरूकता वैन के माध्यम से किसानों को योजना की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ना एवं फसल बीमा के प्रति जागरूक करना है। मौके पर जिला सहकारिता पदाधिकारी ऋतुराज प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहीद, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी प्रबंधक समेत संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी आदि उपस्थित थे।


