Hazaribagh News: विधानसभा घेराव को लेकर चोरदाहा चेकपोस्ट पर अलर्ट मोड में पुलिस प्रशासन
-1024x614.jpeg)
चौपारण: झारखंड विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर चौपारण पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदाहा चेकपोस्ट पर रांची की ओर जाने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा वाहनों को रोककर यात्रियों एवं वाहनों की आवश्यक जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था की कमान चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार एवं चोरदाहा पिकेट प्रभारी नीतीश कुमार ने स्वयं संभाल रखी है। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल चेकपोस्ट पर लगातार निगरानी कर रहा है। रांची की ओर जाने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। चोरदाहा चेकपोस्ट चौपारण क्षेत्र का महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस की सक्रियता के कारण चेकपोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, आम यात्रियों एवं वाहन चालकों से पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ विधानसभा घेराव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है।


