Sahibganj News: SBI ने खोला ‘जिंदगी का खाता’, साहिबगंज शाखा में 10 कर्मचारियों ने किया रक्तदान

साहिबगंज मुख्य शाखा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की शुरुआत शाखा प्रबंधक आलोक रंजन ने स्वयं रक्तदान कर की। उनकी पहल से प्रेरित होकर बैंक के अन्य कर्मचारियों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में कुल 10 बैंक कर्मचारियों ने रक्तदान किया। इस दौरान सदर अस्पताल रक्त अधिकोष की टीम ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की।

साहिबगंज:  स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की साहिबगंज मुख्य शाखा में आज सिर्फ पैसों का ही लेन-देन नहीं हुआ, बल्कि इंसानियत का सबसे बड़ा लेन-देन भी हुआ। बैंक परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

 शिविर की शुरुआत स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक आलोक रंजन ने खुद रक्तदान करके की। उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह हम बैंक में पैसा जमा करते हैं और जरूरत पड़ने पर निकालते हैं, ठीक उसी तरह ब्लड बैंक में रक्त उपलब्ध रहेगा तो जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकेगी। रक्तदान से किसी को कोई नुकसान नहीं होता, बल्कि यह जीवन बचाने का सबसे बड़ा पुण्य का काम है।
प्रबंधक की पहल को देखकर बैंक के अन्य कर्मी भी प्रेरित हुए। शिविर में कुल 10 कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं में आलोक रंजन, कनक कुमारी, दीपक राय, अंबुज कुमार, अपूर्व सिंह, कमलेश यादव सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।

 इस शिविर को सफल बनाने में सदर अस्पताल रक्त अधिाकोष के संचारक सत्येंद्र कुमार और उमा अमृता फाउंडेशन के सदस्य पवन गुप्ता की भूमिका अहम रही। दोनों पिछले कई दिनों से बैंक में जाकर कर्मचारियों को जागरूक कर रहे थे और उन्हें रक्तदान के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे। कार्यक्रम में उमा अमृता फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत शेखर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

  वहीं, साहिबगंज रक्त अधिकोष से आई टीम में मुख्य टेक्नीशियन मोहम्मद अजहर, चंदन कुमार चौधरी, शुभम कुमार, सुबोध कुमार, हरी और विजय कुमार ने रक्त संग्रह की पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया। बैंक प्रबंधन ने कहा कि आगे भी इस तरह के सामाजिक कार्यों में एसबीआई परिवार बढ़-चढ़कर भाग लेता रहेगा। लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज एसबीआई ने सिर्फ खाते नहीं खोले, बल्कि “जिंदगी का खाता” भी खोल दिया।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More