रांची के हिमांशु हरि ने बढ़ाया झारखंड का मान, UPSC CAPF में हासिल की AIR-66 रैंक

रांची: राजधानी रांची के युवा हिमांशु हरि ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) परीक्षा-2025 में शानदार सफलता हासिल करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 66वीं रैंक (AIR-66) प्राप्त की है। अपने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल कर हिमांशु ने अपने परिवार के साथ-साथ झारखंड का भी नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
प्रतिष्ठित संस्थानों से हासिल की उच्च शिक्षा
हिमांशु हरि की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी बेहद मजबूत रही है। उन्होंने रांची के डीएवी कडरू विद्यालय से विज्ञान विषय में प्लस-टू की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफेंस कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की।
शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए हिमांशु ने मुंबई स्थित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) से डेवलपमेंट स्टडीज में परास्नातक (MA) की पढ़ाई पूरी की।
अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में किया काम
UPSC CAPF परीक्षा में सफलता से पहले हिमांशु हरि को कॉर्पोरेट और रिसर्च क्षेत्र में काम करने का भी अनुभव रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों के साथ काम किया है।
उनके अनुभव में The Economist और Boston Consulting Group (BCG) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ कार्य करना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने Foundation for Economic Development में Associate Programme Manager के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
मेहनत और परिवार के सहयोग को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर हिमांशु हरि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, परिवार और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, सही दिशा में किए गए प्रयास और अपनों के विश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
हिमांशु के पिता अजीत कुमार रांची क्षेत्र में DGMS के अंतर्गत DMS के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता उषा कुमार हैं।
झारखंड के युवाओं के लिए बने प्रेरणा
हिमांशु हरि की इस उपलब्धि पर DGMS एवं रांची क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी है। लोगों ने उनकी सफलता को झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।
विशेषकर देश सेवा और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए हिमांशु की सफलता एक प्रेरणा है। सीमित संसाधनों से लेकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा तक पहुंचने वाले युवाओं के लिए उनका शैक्षणिक सफर और पहले प्रयास में मिली सफलता मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति के महत्व को दर्शाती है।
हिमांशु हरि की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि झारखंड की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सामर्थ्य रखती हैं।


