Sahibganj News: रील से बदला नज़रिया: साहिबगंज के रितेश बने झारखंड के नशा मुक्त युवा के ब्रांड एंबेसडर

साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय के पीजी राजनीति विज्ञान के छात्र रितेश रंजन ने मोबाइल और क्रिएटिविटी के दम पर पूरे झारखंड में झंडे गाड़ दिए। “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर बनी उनकी रील को राज्य भर में नंबर-1 चुना गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की संस्था “मेरा युवा भारत, झारखंड” ने रांची विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रितेश को सम्मानित किया।
सम्मान के रूप में उन्हें प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न के साथ 10,000 रुपये की सम्मान राशि भी मिली। रितेश की इस उपलब्धि पर महाविद्याल परिवार में खुशी का माहौल है। रितेश ने साबित कर दिया कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए नहीं, समाज बदलने के लिए भी हो सकता है। उनकी रील ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि रितेश ने साहिबगंज का नाम रोशन किया है। यह अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि रितेश की सोच और क्रिएटिविटी ने जिले का गौरव बढ़ाया है। रितेश ने रील के जरिए सिर्फ कंटेंट नहीं बनाया, एक संदेश दिया- “नशे को ना, भविष्य को हां।”


