Student Protest: अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, बोलने की स्थिति में नहीं

रांची: जयपाल सिंह स्टेडियम, रांची में पिछले छह दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई। आंदोलन से जुड़े लोगों के अनुसार, उनकी स्थिति इस समय काफी खराब है और वह फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
भूख हड़ताल के छठे दिन बिगड़ी तबीयत
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद और छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। बताया गया कि लगातार भूख हड़ताल के बीच शुक्रवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आंदोलन स्थल पर उनके स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों और छात्रों में चिंता बढ़ गई है।
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद को लेकर आंदोलन
देवेंद्र नाथ महतो वर्तमान जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन में लगातार सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन शुरू किया और छात्रों की मांगों को विभिन्न स्तरों पर उठाया।
2 जुलाई से आंदोलन को लगातार आगे बढ़ाया
2 जुलाई को 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद उन्होंने कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई। इसके बाद 5 जुलाई को सामूहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को सामने रखा।
राज्यपाल को सौंपा साक्ष्य और मांग-पत्र
7 जुलाई को देवेंद्र नाथ महतो ने राज्यपाल से मुलाकात कर परीक्षा से संबंधित साक्ष्य और मांग-पत्र प्रस्तुत किया। इसके अगले दिन 8 जुलाई को अल्बर्ट एक्का चौक, रांची में जेपीएससी अध्यक्ष का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
विधायकों के साथ भी उठाई छात्रों की मांग
21 जुलाई को विधायक जयराम कुमार महतो के साथ उन्होंने दोबारा राज्यपाल से मुलाकात की और छात्रों की मांगों से अवगत कराया। 22 जुलाई को ऑक्सीजन पार्क, रांची में प्रेस वार्ता कर सरकार पर छात्रों की मांगों पर कार्रवाई करने का दबाव बनाया गया।
25 जुलाई से शुरू किया सत्याग्रह
24 जुलाई को प्रत्यक्ष जनआंदोलन की घोषणा के बाद 25 जुलाई को बापू वाटिका, रांची में सत्याग्रह-धरना शुरू किया गया। 29 जुलाई को नेशनल डूरंड फुटबॉल कप के कारण धरना स्थल को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थानांतरित किया गया। इसी दौरान धरना स्थल से अल्बर्ट एक्का चौक तक संविधान पदयात्रा भी निकाली गई।
2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
देवेंद्र नाथ महतो ने 2 अगस्त को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी, जो लगातार जारी है। शुक्रवार को भूख हड़ताल के छठे दिन उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना सामने आई। आंदोलनकारियों की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही है।




