Politics: चुनाव नहीं… फिर क्यों देशभर में उतर रही है Cockroach Janata Party? सितंबर से शुरू होगा ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान

नई दिल्ली: छात्र आंदोलनों से चर्चा में आए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सितंबर से देशव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा की है। संगठन ने इस अभियान का नाम ‘क्या बोलती पब्लिक’ रखा है। अभियान के माध्यम से विभिन्न राज्यों में लोगों, विशेषकर युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को जानने की योजना बनाई गई है।
फिलहाल चुनावी राजनीति से दूरी बनाए रखेगा संगठन
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित दो दिवसीय बैठक के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि संगठन फिलहाल चुनावी राजनीति में उतरने के बजाय एक जनदबाव समूह (Pressure Group) के रूप में काम करेगा। उनका कहना है कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही और जनता की आवाज को मजबूत करना प्राथमिकता है।
युवाओं के मुद्दों को बनाएगा राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा
दिपके ने कहा कि देश की बड़ी आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है, लेकिन युवाओं से जुड़े मुद्दों को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बेरोजगारी, शिक्षा सुधार, सामाजिक न्याय और युवाओं की आकांक्षाओं जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन का उद्देश्य आम लोगों से संवाद कर इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनाना है।
शिक्षा और रोजगार पर रहेगा विशेष फोकस
संगठन ने कहा कि बढ़ती शिक्षा लागत, रोजगार के सीमित अवसर और युवाओं की चुनौतियों पर व्यापक जनसंवाद किया जाएगा। CJP का दावा है कि वह लोगों से सीधे सुझाव लेकर उन्हें सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा बनाने की दिशा में काम करेगा। साथ ही संगठन ने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


