JPSC विवाद: JPSC-JSSC भर्ती आंदोलन तेज, 10 अगस्त को विधानसभा मार्च का ऐलान

रांची में JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती महाअभियान के तहत छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। भारी बारिश के बावजूद हजारों छात्र धरना स्थल पर डटे रहे और अल्बर्ट एक्का चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान इनोवेटर सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के माध्यम से छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से बातचीत कर आंदोलन और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

रांची: JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती महाअभियान के तहत छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को भारी बारिश के बावजूद हजारों छात्र अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में डटे रहे। शाम को छात्रों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए।

आंदोलन के दौरान देश के प्रख्यात इनोवेटर सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के माध्यम से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से सीधा संवाद किया। उन्होंने आंदोलन और देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनके आग्रह पर देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण किया। इस दौरान छात्र नेता ने सोनम वांगचुक से आंदोलन को लेकर निरंतर मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया और उन्हें रांची स्थित धरना स्थल पर आने का आमंत्रण भी दिया।

देर शाम झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों को अपना नैतिक एवं सशरीर समर्थन दिया। उन्होंने आंदोलन की पूरी स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो और छात्र प्रतिनिधिमंडल ने बाबूलाल मरांडी को आंदोलन की प्रमुख मांगों से संबंधित विस्तृत मांग-पत्र भी सौंपा।

देवेंद्र नाथ महतो ने घोषणा की कि यदि सरकार जल्द ही छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आगामी 10 अगस्त को हजारों छात्र झारखंड विधानसभा मार्च कर सरकार के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए जारी रहेगा।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More