Sahibganj News: 1 अक्टूबर तक 18 वर्ष के होने वाले युवा भरें फॉर्म-6, डीसी ने की अपील
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता सूची का “विशेष गहन पुनरीक्षण-2026” 5 अगस्त से शुरू हो रहा है। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसके साथ ही नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
4 सितंबर तक जमा होंगे फॉर्म-6
उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक नए मतदाताओं से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, और ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम किसी कारण से सूची में नहीं जुड़ पाया है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर के पास जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल और अन्य डिजिटल माध्यमों से भी आवेदन की सुविधा दी गई है। सभी आवेदनों के सत्यापन के बाद पात्र लोगों का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
युवाओं पर विशेष फोकस
उपायुक्त दीपक दुबे ने कहा कि इस बार अभियान में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना केवल एक प्रक्रिया नहीं है, यह लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी सुनिश्चित करने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने सभी अभिभावकों, शिक्षकों और समाजसेवियों से अपील की कि वे 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं को मतदान के महत्व के बारे में बताकर उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
जनभागीदारी से बनेगा अभियान
उपायुक्त ने जिले के सभी सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग मांगा है। उन्होंने कहा कि सभी संस्थाएं अपने स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाएं ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें और समय रहते आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराएं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि साहिबगंज जिले में शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और लोकतंत्र और अधिक सशक्त बने।


