Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह तैयारियों की समीक्षा बैठक

हजारीबाग: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं आकर्षक रूप से मनाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य झंडोत्तोलन समारोह पूर्व की भांति कर्ज़न ग्राउंड, हजारीबाग में आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त अन्य स्थलों पर झंडोत्तोलन कार्यक्रमों का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया :
झंडोत्तोलन कार्यक्रम की समय-सारिणी
1) उपायुक्त, आवासीय कार्यालय – 08:15 पूर्वाह्न।
2) कर्जन ग्राउंड: 09.05 बजे पूर्वाह्न।
3) आयुक्त कार्यालय: 09:50 बजे पूर्वाह्न।
4) उपायुक्त कार्यालय: 10:05 बजे पूर्वाह्न।
5) होम गार्ड ट्रेनिंग, सिंदूर : 10:25 बजे पूर्वाह्न।
6) रेड क्रॉस सोसाइटी: 10:50 बजे पूर्वाह्न।
7) पुलिस लाइन: 11.00 बजे पूर्वाह्न।
परेड एवं सलामी
मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज को सलामी सम्मान सार्जेंट मेजर द्वारा दी जाएगी। परेड में झारखंड जिला पुलिस बल, बीएसएफ मेरु, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी (सीनियर विंग बालिका एवं सीनियर डिविजन बालक) के एक-एक प्लाटून तथा जेआरएफ, जैप 7 स्काउट के प्लाटून शामिल होंगे। पार्टी बैंड बीएसएफ मेरु कैंप द्वारा की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सेना के जवानों द्वारा फुल ड्रेस रिहर्सल परेड आयोजित की जाएगी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मीडिया XI बनाम प्रशासन XI के बीच फैंसी क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा।
महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
कर्ज़न ग्राउंड की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कार्य को ससमय पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। 15 अगस्त के अवसर पर सभी प्रखंड कार्यालय एवं पंचायत सचिवालय स्तर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया।
मुख्य कार्यक्रम स्थल में परेड का रिहर्सल एवं मुख्य कार्यक्रम के दिन स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस को क्रियाशील अवस्था में रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को लेकर सभी आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए।


