Crime News: कटकमसांडी में पॉक्सो एक्ट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

हजारीबाग: कटकमसांडी थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार कटकमसांडी थाना कांड संख्या 123/26, दिनांक 03 अगस्त 2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 06 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस मामले में प्राथमिकी अभियुक्त रोशन एक्का एवं आयुष त्रिकी, दोनों ग्राम बारीकोला झोंझी, थाना कटकमसांडी, जिला हजारीबाग के निवासी हैं। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चों एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है। ऐसे मामलों में त्वरित अनुसंधान कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कटकमसांडी पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके। मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।


