दिशोम गुरु के सपनों का झारखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि: केशव महतो कमलेश

रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

रांची: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर केशव महतो कमलेश ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का संपूर्ण जीवन झारखंड की पहचान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों तथा गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के सम्मान की लड़ाई को समर्पित रहा। उनका संघर्ष केवल झारखंड राज्य के निर्माण तक सीमित नहीं था, बल्कि वे ऐसे झारखंड का सपना देखते थे, जहां हर व्यक्ति को सम्मान, न्याय और विकास का समान अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार दिशोम गुरु के विचारों और जनकल्याणकारी सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा और महागठबंधन के सभी घटक दल सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के साझा संकल्प के साथ राज्य के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। दिशोम गुरु के आदर्श हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज जब देश में संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सौहार्द को चुनौती देने की कोशिशें हो रही हैं, तब दिशोम गुरु का संघर्ष और उनके विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी उनके संघर्ष, त्याग और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित नेताओं ने भी दिशोम गुरु के जीवन और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान झारखंड के इतिहास में सदैव अमिट रहेगा। आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग, संघर्ष और जननायक के रूप में निभाई गई भूमिका से प्रेरणा लेती रहेंगी।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रविन्द्र सिंह, सतीश पॉल मुंजनी, प्रदीप तुलस्यान, बिनय सिन्हा, दीपू, कुमार गौरव, राकेश सिन्हा, किशोर सहदेव, राजीव रंजन प्रसाद, तोसिफ, सुरेंद्र सिंह, सोनल शांति, केदार पासवान, सुनील सिंह, उज्जल तिवारी, पूर्णिमा पांडेय, मिर्दुल राज, मनोज कुमार, देबू चटर्जी, राकेश तिवारी, मृत्युंजय कुमार, शकील अख्तर, सुनील उरांव, मनीष राज, राजीव नारायण प्रसाद एवं प्रेम नाथ मुंडा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More