स्वस्थ झारखण्ड से ही स्वस्थ देश का निर्माण किया जा सकता है: बाउरी

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास के दिशा निर्देश में राज्य के पंचायत और ग्रामीण स्तर के युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान देने की महत्ती योजना पर खेल निदेशालय काम कर रहा है। राज्य सरकार खेल, कला संस्कृति के क्षेत्र में युवाओं की भागेदारी को सुदृढ़ करने के लिए कमल क्लब को मजबूत करने का काम कर रही है। सभी पंचायत में कमल क्लब को मजबूत किया जा रहा है। खेल, कला व सांस्कृतिक कैलेंडर के माध्यम से युवाओं को इससे जोड़ने का काम भी किया जा रहा है। राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने रांची के मोरहाबादी स्थित झारखण्ड खेल प्राधिकरण के कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने खेल निदेशालय को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पंचायत में खेल के मैदान के लिए गैरमजरुआ जमीन को चिन्हित करने की दिशा में उचित कार्रवाई के लिए भू और राजस्व विभाग को पत्र लिखे, ताकि पंचायत स्तर के बच्चों को खेलने के लिए जगह मिल सके और उनका शारिरिक और मानसिक विकास हो सके। उन्होंने कहा कि यदि आज हम बच्चों के लिए मैदान की व्यवस्था  नही कर सके तो आने वाले दिन में हमारे युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने में परेशानी होगी। अमर कुमार बाउरी ने कहा कि सरकार खेल के क्षेत्र में बालिकाओं को भी आगे लाना चाहती है। इसके लिए उन्होंने खेल निदेशालय को निदेश दिया कि वे जल्द ही बालिकाओं के लिए विशेष तौर पर खेल प्रतिस्पर्धा का आयोजन करें।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने अगले तीन महीने के खेल प्लान का एक प्रजेन्टेशन भी देखा। प्रजेन्टेशन के बाद उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि अगले तीन महीने में पंचायत, ब्लाक और जिला स्तर पर खेल  का आयोजन किया जाये। वहीं सभी जिलों के पार्क में एक ओपेन जिम की व्यवस्था भी की जाये जहां कोई भी व्यक्ति आ कर योगा, एक्सरसाईज कर सके। मंत्री ने कहा कि स्वस्थ झारखण्ड से ही स्वस्थ देश का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने राज्य में होने वाले खेल के क्षेत्र के नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निदेश भी खेल निदेशालय को दिया। इस मौके पर खेल  निदेशक शणेन्द्र कुमार, मंत्री के आप्त सचिव सुशांत मुख़र्जी सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More