जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी: डीके श्रीवास्तव

बोकारो थर्मल: बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत बरवाबेड़ा से पहले बोकारो थर्मल-जारंगडीह रेलवे लाईन एवं कोनार नदी के किनारे जंगल में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की चुलाई का धंधा इन दिनों जारी है। अवैध शराब की चुलाई के बाद शराब को बोकारो थर्मल, कथारा, जारंगडीह, स्वांग, गोमिया एवं ऊपरघाट के अवैध शराब के अड्डों पर मोटरसाइकिल से ले जाकर खपाया जाता है। उपरोक्त स्थान पर किये जा रहे अवैध शराब की चुलाई के बाद शराब के अवशिष्ट पदार्थों, सड़े हुए महुआ, कोयला की भट्ठियों के राख, नौसादर के पानी आदि को कोनार नदी के जल में प्रवाहित कर नदी के पानी को प्रदूषित किया जा रहा है। उपरोक्त स्थान पर बनाये गये कोयला की बड़ी-बड़ी भट्ठियों पर बड़े-बड़े ड्राम चढ़ाकर उसमें महुआ को डालकर पकाया जाता है और विभिन्न प्रकार के केमिकल को मिलाकर शराब बनाया जाता है। इस संबंध में बेरमो वन क्षेत्र के रेंज आॅफिसर डीके श्रीवास्तव से पूछा गया तो उनका कहना था कि उपरोक्त स्थान वन क्षेत्र का है या नहीं यह जांचोपरांत ही कहा जा सकता है। जबकि बोकारो थर्मल के इंस्पेक्टर सह थानेदार परमेश्वर लेयांगी का कहना था कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है.यदि ऐसा हो रहा है तो जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी।



