हिमाचल के लाहौल-स्पीति में बड़ा हादसा, चट्टान गिरने से टाटा सुमो दब गई; 13 की मौत
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
शिमला: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। उदयपुर थाना क्षेत्र के कढ़ूनाला-राहौली मार्ग पर पहाड़ी से अचानक गिरी विशाल चट्टान टाटा सुमो पर आ गिरी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
15 लोगों से भरी टाटा सुमो पर गिरी विशाल चट्टान
पुलिस के अनुसार, टाटा सुमो (एचपी-01एम-2210) में चालक बीर सिंह सहित कुल 15 लोग सवार थे। कढ़ूनाला क्षेत्र में राहौली के पास पहुंचते ही पहाड़ी से अचानक भारी चट्टान नीचे आ गिरी और वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सभी मृतक चंबा के पांगी क्षेत्र के निवासी
लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर रही है। इसके बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
लगातार बारिश से बढ़ा भूस्खलन का खतरा
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से बचने और यात्रा से पहले सड़क व मौसम की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
मानसून में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 88 पहुंचा
प्रदेश में मानसून 30 जून को सक्रिय हुआ था। इस हादसे से पहले बारिश से जुड़े हादसों में 75 लोगों की मौत हो चुकी थी। लाहौल-स्पीति की इस दुर्घटना के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 88 हो गया है। मौसम विभाग ने 27 से 29 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


