अब केवल 5 दिन शेष: 29 जुलाई तक भरें गणना प्रपत्र, मतदाता सूची में नाम सुनिश्चित कराने का अंतिम अवसर

पाकुड़ की जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सभी पात्र मतदाताओं से 29 जुलाई 2026 तक गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को जमा करने की अपील की है।
पाकुड़: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत जिले के सभी पात्र मतदाताओं से 29 जुलाई 2026 तक गणना प्रपत्र भरकर अपने संबंधित बीएलओ (BLO) को जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है, ताकि 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में नाम सही रूप से शामिल हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि अंतिम समय की प्रतीक्षा न करें और यदि किसी मतदाता को अब तक गणना प्रपत्र नहीं मिला है तो वे तुरंत अपने बीएलओ, ईआरओ (ERO) या एईआरओ (AERO) कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से भी अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की।




