कीचड़ में उग रही साहिबगंज की उम्मीद, धान की रोपनी से गुलजार हुए खेत

साहिबगंज: मानसून की पहली फुहार के साथ ही साहिबगंज जिले के खेतों में जान लौट आई है। बोरियो से बरहेट, राजमहल से मंडरो तक हर जगह घुटने भर कीचड़ में झुके किसान और मजदूर धान की रोपनी में जुटे हैं। जिले में इस समय जो दृश्य दिख रहा है वो सिर्फ खेती नहीं है, बल्कि साहिबगंज के लाखों लोगों की थाली का भविष्य है।
सुबह 5 बजे से ही गंगा के किनारे बसे गांवों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक ट्रैक्टर और बैलों की आवाज गूंज रही है। महिला मजदूरों के हाथों में धान की गड्डियां और माथे पर उम्मीद की चमक साफ दिख रही है। कृषि विभाग के अनुसार, जिले में इस साल करीब 49 हजार हेक्टेयर में धान की खेती का लक्ष्य रखा गया है। समय पर बारिश और सरकारी बीज-उर्वरक की उपलब्धता से किसान उत्साहित हैं।
बरहरवा के किसान रामलाल मुर्मू कहते हैं कि कीचड़ में पैर सड़ जाते हैं, धूप में पीठ जलती है। लेकिन जब खेत हरा होता है तो लगता है मेहनत सफल हो गई। यही धान पूरे साल घर चलाता है। वहीं, खेती विशेषज्ञों का कहना है कि जुलाई का पहला पखवाड़ा साहिबगंज में रोपनी के लिए सबसे उपयुक्त है। इसी समय की गई रोपनी से अक्टूबर-नवंबर में अच्छी उपज होती है और बाजार में धान का भाव भी स्थिर रहता है।
राजमहल की पहाड़ियों से लेकर साहिबगंज सदर के मैदानी इलाकों तक लहराती धान की फसल जिले को “आत्मनिर्भर” बनाने की दिशा में सबसे बड़ा कदम है। यहां का अन्न न सिर्फ जिले की जरूरत पूरी करता है, बल्कि आस-पास के जिलों और बिहार तक भी जाता है।
धान की हर कतार के पीछे साहिबगंज के एक-एक किसान का त्याग है। जो अपना आज कीचड़ में दे रहा है ताकि हमारा कल सुरक्षित रहे। इस रोपनी के मौसम में आइए हम सब मिलकर प्रण लें – अन्न का सम्मान करें, एक दाना भी बर्बाद न करें। क्योंकि सच यही है – “साहिबगंज के किसान की मेहनत ही हमारी थाली की रौनक है।”




