Deoghar News: नगर निगम में मनाया गया ‘नमस्ते दिवस’, सफाई मित्रों को वितरित की गई पीपीई किट
-1024x614.jpeg)
देवघर: नगर विकास विभाग के निर्देश पर मंगलवार को देवघर नगर निगम कार्यालय परिसर में ‘नमस्ते दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर की स्वच्छता व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों का सम्मान करना तथा उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर नगर निगम एवं एमएसडब्ल्यूएम (MSWM) सफाई एजेंसी के सफाई मित्रों के बीच पीपीई (PPE) किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों को टी-शर्ट, रिफ्लेक्टिव जैकेट, मास्क और हैंड ग्लव्स वितरित करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों से सफाई कार्य के दौरान पीपीई किट का नियमित उपयोग करने की अपील की, ताकि वे संक्रमण और दुर्घटनाओं से सुरक्षित रह सकें।
इस अवसर पर महिला सफाई मित्रों का विशेष सम्मान किया गया। उन्हें माला पहनाकर और गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार ने पुरुष सफाई मित्रों का माला पहनाकर और गुलाब का फूल देकर अभिनंदन किया। सम्मान पाकर सफाई मित्रों ने खुशी जताई और इसे अपने कार्य के प्रति सम्मान बताया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को ‘बेस्ट सफाई मित्र सम्मान’ से भी नवाजा गया। नगर निगम की ओर से पवन ढप्परा को बेस्ट सफाई मित्र, प्रदीप ढप्परा को बेस्ट चालक तथा अमित पंडित और सुनील शर्मा को संयुक्त रूप से बेस्ट वार्ड जमादार का सम्मान प्रदान किया गया। वहीं एमएसडब्ल्यूएम सफाई एजेंसी की ओर से गुड्डू हरिजन को बेस्ट सफाई कर्मी, चौधरी को बेस्ट चालक तथा चंदन महाराज को बेस्ट सुपरवाइजर के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नगर विकास विभाग द्वारा प्रसारित ‘नमस्ते दिवस’ के लाइव कार्यक्रम का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सफाई मित्रों को सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। अंत में सभी सफाई मित्रों के बीच नाश्ता एवं अल्पाहार वितरित किया गया। यह आयोजन सम्मान, सुरक्षा और संवेदनशीलता का संदेश देने के साथ सफाई मित्रों के लिए यादगार साबित हुआ।


