Sahebganj News: जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन में लापरवाही, मुखिया को अंचलाधिकारी का कारण बताओ नोटिस

साहिबगंज के उधवा में जाति प्रमाण पत्र सत्यापन के दौरान एक ही आवेदन में दो अलग-अलग वंशावली सत्यापित करने के आरोप में CO आशीष कुमार मंडल ने सुतियारपाड़ा मुखिया आरती टुडू को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिनों में जवाब मांगा है।

साहिबगंज: जिले के उधवा प्रखंड अंतर्गत सुतियारपाड़ा ग्राम पंचायत में प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन में गड़बड़ी के आरोप में उधवा अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल ने सुतियारपाड़ा पंचायत की मुखिया आरती टुडू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

अंचलाधिकारी कार्यालय के ज्ञापांक 359/रां., दिनांक 13.07.2026 के अनुसार, यह मामला सोफियान अंसारी नामक आवेदक के जाति प्रमाण पत्र से जुड़ा है। अंचल कार्यालय द्वारा आवेदन की समीक्षा के दौरान पाया गया कि मुखिया आरती टुडू ने वंशावली के सत्यापन के दौरान एक ही आवेदन के अलग-अलग पृष्ठों पर दो अलग-अलग वंशावली को प्रमाणित कर दिया है।

प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि मुखिया ने बिना किसी भौतिक सत्यापन और समुचित जांच के ही वंशावली को सत्यापित कर दिया। अंचलाधिकारी ने नोटिस में कहा है कि इस तरह बिना जांच के सत्यापन करने से अपात्र लोगों को भी जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र मिलने की संभावना बढ़ जाती है। 

उन्होंने पत्र में अंदेशा जताया है कि मुमकिन है कि जानबूझकर किसी अपात्र व्यक्ति को अनुचित सरकारी लाभ दिलाने के उद्देश्य से ऐसा किया गया हो। अंचलाधिकारी का कहना है कि यदि सत्यापन के पहले स्तर पर ही ऐसी लापरवाही होगी तो कोई भी गलत व्यक्ति आसानी से जाली दस्तावेज बनवा लेगा।

अंचलाधिकारी ने मुखिया को पत्र प्राप्ति के 3 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण सौंपने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अंचलाधिकारी ने बताया कि उनके संज्ञान में यह पहला ऐसा मामला है, जिस पर तुरंत कड़ा संज्ञान लिया गया है।

इस तरह की गलती की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अंचलाधिकारी ने इस पत्र की प्रति उधवा अंचल के सभी पंचायतों के मुखिया को सूचनार्थ भेज दी है। उनका उद्देश्य है कि सभी जनप्रतिनिधि दस्तावेजों की गंभीरता को समझें और भविष्य में सत्यापन के दौरान ऐसी बड़ी गलती न दोहराएं।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More