Sahebganj News: रेलवे की बड़ी कार्रवाई, ऐतिहासिक ‘लाल कोठी’ की जमीन पर कब्जा जमाने वालों को नोटिस

साहिबगंज: पूर्व रेलवे के बरहरवा प्रभाग अंतर्गत वरीय अनुभाग अभियंता कार्यालय ने राजमहल स्थित ऐतिहासिक ‘लाल कोठी’ और उसके आस-पास की रेलवे भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रेलवे प्रशासन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर रेलवे जमीन पर अवैध रूप से कब्जा जमाए 7 लोगों को चिह्नित किया और मौके पर ही ‘सार्वजनिक नोटिस’ तामील कराया।
नोटिस के जरिए सभी अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे नोटिस जारी होने की तिथि से 7 दिनों के भीतर अपने अवैध निर्माण, कब्जे और सामान हटाकर रेलवे भूमि को पूरी तरह खाली कर दें। यदि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 147 तथा पब्लिक प्रेमिसेस (इविक्शन ऑफ अनऑथराइज्ड ऑक्यूपेंट्स) एक्ट, 1971 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों की मौजूदगी में जिनके परिसरों पर नोटिस चिपकाया गया उनके नाम, संजय कर्मकार, मम्पी, हैदराबाद, काणू, तारक, कल्याण सरकार, संध्या भौमिक, हाबूदा, कोलकाता हैं। अधिकारियों ने नोटिस के साथ ही उन्हें और उनके परिजनों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी।
कार्रवाई के दौरान रेलवे और सुरक्षा बल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे। संयुक्त टीम में आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार, नवीन कुमार यादव, अजय कुमार, सतीश कुमार, अनिल कुमार साह, आई डब्लू प्रमोद कुमार पासवान और स्टेशन मास्टर दिलीप कुमार साह शामिल थे।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, लाल कोठी परिसर में अवैध निर्माण की शिकायत मिलने के बाद रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले ऐतिहासिक ‘लाल कोठी’ को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इसके बाद आस-पास की अन्य रेलवे जमीनों को भी अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा। रेलवे की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।


