साहेबगंज-गोबिंदपुर राजमार्ग पर कार और बाइक में भीषण टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल
-1024x614.jpeg)
मसलिया: साहेबगंज-गोबिंदपुर राजमार्ग पर रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे मसलिया थाना क्षेत्र के छोटा चापुड़िया गांव के पास स्विफ्ट डिजायर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेएच 04 जेड 6258 नंबर की स्विफ्ट डिजायर जामताड़ा से दुमका की ओर जा रही थी।
इसी दौरान खुटोजोरी पंचायत के दुधीचुवा आगया गांव निवासी राजेश हेम्ब्रम अपनी पत्नी के साथ बाइक से अपने ससुराल पिपरा जा रहे थे। छोटा चापुड़िया के समीप तेज रफ्तार स्विफ्ट ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे राजेश हेम्ब्रम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पुलिस वाहन से इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


