कांग्रेस ने संविधान की मर्यादा को सबसे अधिक तार-तार किया : नितिन नवीन

रांची में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रांची में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को किया संबोधित, कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूत करने का मंत्र

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास किया जा रहा है। जो लोग आज संविधान की दुहाई देते हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि संविधान की मर्यादा को सबसे अधिक तार-तार करने का काम कांग्रेस ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान को अपने परिवार के अनुसार चलाने का काम किया और आपातकाल लगाने से लेकर नैतिक मूल्यों के हनन तक की राजनीति की।

नितिन नवीन रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू के हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। अस्थिरता फैलाने की कोशिशों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देशविरोधी ताकतों के टूलकिट के रूप में काम करने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। एसआईआर पर सवाल उठाने वालों को घेरते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को नागरिकों के अधिकारों से ज्यादा घुसपैठियों को संरक्षण देने की चिंता है।

उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में मेडिकल परीक्षा प्रणाली पर माफिया राज हावी था, जिसे उनकी सरकार ने दुरुस्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब राज्य में छात्र अपनी समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब कांग्रेस नेताओं ने उनके समर्थन में एक शब्द भी नहीं कहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठकर युवाओं और छात्राओं का हितैषी होने का दावा करने वाले नेताओं को देश के विकास और छात्रों के भविष्य से कोई लेना-देना नहीं है।

नितिन नवीन ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास है और जनता उन्हीं के साथ आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने झारखंड से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनका जन्मस्थान है और उनकी शिक्षा का भी काफी समय इसी प्रदेश में बीता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए उत्साह के साथ झारखंड के विकास और संगठन के विस्तार के लिए काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जब बिहार और झारखंड एक थे, उस समय भी भाजपा की जड़ें यहां मजबूत थीं। जिस राज्य की स्थापना अटल बिहारी वाजपेयी ने की, उसे भाजपा ने बनाया और आगे बढ़ाया है। इसलिए इसे संवारने की जिम्मेदारी भी भाजपा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का विस्तार हो रहा है और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। इस विश्वास को झारखंड में और मजबूत करना होगा।

पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव जीतकर संकल्प पूरा किया। उन्होंने कहा कि झारखंड भाजपा का गढ़ रहा है। जिस दिन कार्यकर्ता जीतने का संकल्प ले लेंगे, उस दिन उन्हें कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के कार्यकर्ता झारखंड में कमल खिलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी तपस्या और योगदान से इस भूमि को विशिष्ट पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर इस दिन को देश और दुनिया में पहचान दिलाई। उन्होंने आदिवासी समाज को सम्मान देने और देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देने का श्रेय भाजपा नेतृत्व को दिया।

नितिन नवीन ने झारखंड में व्याप्त अराजकता और अव्यवस्था के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करने का संकल्प जताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की ओर से मिली जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने और पार्टी के निर्णयों को धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत विकास की नई गाथा लिख रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली रही है कि योजनाओं का लाभ उन लोगों तक भी पहुंचे, जो पार्टी के मतदाता नहीं हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत झारखंड की भूमि से हुई और आज करोड़ों लोग इसका लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक विकास दर अच्छी बनी हुई है।

नितिन नवीन ने झारखंड के छात्रों के साथ कथित अन्याय और राज्य में कानून-व्यवस्था के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही। उन्होंने भाजपा नेताओं को निर्देश दिया कि वे युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाएं तथा विधानसभा स्तर की समस्याओं पर जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्ट टाइम राजनीति नहीं करते, बल्कि 24 घंटे और सातों दिन राष्ट्रहित को प्राथमिकता देकर काम करते हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता को जोड़ने और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा की सरकार नहीं होने के बावजूद केंद्र की योजनाओं का लाभ राज्य की जनता को मिल रहा है। देश के विकास के साथ झारखंड के विकास को भी आगे बढ़ाना है।

झारखंडी परंपरा से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का झारखंडी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप स्वागत किया गया। पारंपरिक लोटा-पानी की रस्म, ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्पवर्षा, पाइका और छऊ नृत्य के माध्यम से उनका अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह में झारखंड की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं की झलक देखने को मिली।

बैठक का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। मंच पर उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों को झारखंड की पारंपरिक जनजातीय शॉल और छऊ मुखौटा भेंट कर सम्मानित किया गया।

31 सांगठनिक जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य के सभी 31 सांगठनिक जिलों के जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली और पार्टी को मजबूत बनाने, संगठन के विस्तार तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर मार्गदर्शन दिया।

आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अध्यक्षीय भाषण में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड भाजपा के लाखों कार्यकर्ता उनका मार्गदर्शन प्राप्त कर गौरवान्वित हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार को हटाकर भाजपा की विकास वाली सरकार बनाने के लिए काम करने का आह्वान किया।

आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गरीबों की चिंता की है और असंभव को संभव कर दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक उग्रवाद समाप्त करने की जो घोषणा की थी, उसे पूरा किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, खनिज संपदा की लूट, स्थानीय भाषाओं के आधार पर रोजगार नहीं मिलने और छात्रों के साथ अन्याय के आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि राज्य में नौकरी के नाम पर बाहरी लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है और छात्रों के आंदोलनों को झूठे आरोपों में फंसाया गया। उन्होंने पेंशन और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरा। आदित्य साहू ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

प्रदेश कार्यसमिति बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने किया। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी निवेदिता सिंह और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा और चंपई सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ सहित सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मोर्चा अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष और कार्यसमिति सदस्य शामिल हुए।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More