देवघर में तड़के आग का तांडव: अग्निशमन पहुंचने से पहले जल गईं दो दुकानें, लाखों का नुकसान

देवघर: कुंडा थाना क्षेत्र के कुंडा मोड़ पर रविवार सुबह करीब 4:30 बजे अचानक लगी आग ने दो दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की इस घटना में हार्डवेयर, प्लाई और स्टेशनरी की दुकानों का सारा सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल दुकानदारों को मोबाइल पर सूचना दी।
सूचना मिलने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि अग्निशमन विभाग की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
उषा ट्रेड के संचालक संजय कुमार ने बताया कि उनकी हार्डवेयर एवं प्लाई की दुकान में आग लगने की सूचना सुबह मिली। उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम के देर से पहुंचने के कारण दुकान में रखा पूरा सामान जल गया। उन्होंने इस घटना में लगभग 15 से 17 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
वहीं, बगल में स्थित शिव शक्ति स्टोर भी आग की चपेट में आ गया। दुकान संचालक राजेश गोप ने बताया कि पड़ोसियों से आग लगने की जानकारी मिली। जब वे दुकान पहुंचे, तब तक अंदर रखा पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। आग की तेज लपटों ने दुकान में रखे स्टेशनरी के सामान को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस अग्निकांड में दोनों दुकानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।




