24 एकादशियों के पुण्य के समान फलदायी है निर्जला एकादशी व्रत, जानें शुभ मुहूर्त और महत्व

निर्जला एकादशी हिंदू धर्म में सबसे महत्वपूर्ण और कठिन एकादशी व्रतों में से एक मानी जाती है। इस दिन श्रद्धालु अन्न और जल दोनों का त्याग कर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि निर्जला एकादशी का व्रत रखने से 24 एकादशियों के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।

निर्जला एकादशी का विशेष महत्व है। इस एकादशी को भीमसेनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। सभी एकादशियों में निर्जला एकादशी महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ सबसे कठिन भी मानी जाती है, क्योंकि इस दिन अन्न और जल दोनों का त्याग करना होता है। यह व्रत ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है, जो इस वर्ष 25 जून को पड़ रही है।

एकादशी तिथि जगत के पालनकर्ता भगवान विष्णु की पूजा का दिन माना जाता है। विष्णु पुराण में उल्लेख है कि एकादशी तिथि पर व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने पर भगवान विष्णु सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी को निर्जला एकादशी कहा जाता है। इसे सभी एकादशी व्रतों में विशेष स्थान प्राप्त है।

इस दिन भगवान विष्णु की विधिवत पूजा करने और व्रत रखने से व्यक्ति को विभिन्न प्रकार के दुखों से मुक्ति मिलती है तथा घर में सुख-समृद्धि और धन-संपदा का वास होता है। धार्मिक मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

इस वर्ष निर्जला एकादशी पर बन रहे शुभ योग

पंचांग के अनुसार, इस वर्ष निर्जला एकादशी पर कई शुभ योग बन रहे हैं। इस दिन हस्त नक्षत्र और अमृत योग का विशेष संयोग रहेगा।

निर्जला एकादशी के दिन दान का विशेष महत्व माना गया है। श्रद्धालु अपनी क्षमता के अनुसार दान कर सकते हैं। इसके अलावा गोदान, जलदान, छाता दान एवं अन्नदान का विशेष महत्व बताया गया है, जो शुभ फलों की प्राप्ति कराता है।

मुहूर्त

प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य प्रणव मिश्रा ने बताया कि 24 जून को रात्रि 08:09 बजे एकादशी तिथि प्रारंभ होगी, जबकि 25 जून को रात्रि 09:15 बजे इसका समापन होगा। 25 जून को पूरे दिन एकादशी तिथि रहने के कारण इसी दिन निर्जला एकादशी का व्रत रखा जाएगा। व्रत का पारण 26 जून को किया जाएगा।

भीमसेनी एकादशी क्यों कहलाती है?

वेदव्यास जी ने महाभारत में उल्लेख किया है कि पांडवों में भीम ने ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी को बिना जल ग्रहण किए व्रत किया था।

पांडव भाइयों में भीम विशेष रूप से भोजन प्रिय थे। एक बार उन्होंने महर्षि वेदव्यास से कहा कि उनके सभी भाई और माता नियमित रूप से एकादशी व्रत रखते हैं, लेकिन उनके लिए महीने में दो बार उपवास करना अत्यंत कठिन है। उन्होंने पूछा कि क्या कोई ऐसा व्रत है, जिसे वर्ष में केवल एक बार करने से सभी एकादशियों का पुण्य प्राप्त हो सके।

यह भी पढ़े: Nirjala Ekadashi 2026 Vrat Niyam: व्रत रखने वाले जरूर जान लें ये 9 नियम, तभी मिलेगा पूरा पुण्य फल

तब वेदव्यास जी ने उन्हें ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर निर्जल रहकर व्रत करने तथा अगले दिन ब्राह्मणों को भोजन कराने और दान देने का विधान बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसके बाद भीम ने निर्जला एकादशी का व्रत करना प्रारंभ किया। इसी कारण निर्जला एकादशी को भीमसेनी एकादशी या पांडव एकादशी भी कहा जाता है।

लेखक के बारे में

By Acharya Pranav Mishra

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More