Koderma News: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने डोमचांच में कैडेटों संग किया योगाभ्यास

कोडरमा: एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के मार्गदर्शन एवं 45 झारखंड बटालियन एनसीसी कोडरमा के कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार के कुशल नेतृत्व में कोडरमा, गिरिडीह एवं हजारीबाग जिलों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस पूरे कार्यक्रम के समन्वयक व्याख्याता सह एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट संतोष कुमार थे।
लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने बताया कि 45 झारखंड बटालियन एनसीसी कोडरमा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए कुल आठ केंद्र स्थापित किए गए थे, जिनमें लगभग 2050 एनसीसी कैडेटों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर योगाभ्यास किया। सभी केंद्रों पर कैडेटों, एनसीसी अधिकारियों एवं पीआई स्टाफ ने पूरे उत्साह के साथ योग दिवस को सफल बनाया।
सी.एम. हाई स्कूल डोमचांच समीप मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन से पूरे कार्यक्रम में विशेष उत्साह का संचार हुआ। योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रदर्शन किया गया तथा उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। केंद्रीय मंत्री ने भी स्वयं योग कर लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने एनसीसी कैडेटों के अनुशासन, उत्साह एवं बड़ी संख्या में सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि नियमित योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाए तो शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक रूप से सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। विधायक नीरा यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एनसीसी अधिकारियों, वार्निंग ऑफिसर एवं समस्त कैडेटों को बधाई दी।
इस अवसर पर 45 झारखंड बटालियन एनसीसी कोडरमा के कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार ने अपने संदेश में कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की कला है। उन्होंने सभी एनसीसी कैडेटों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग से आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो एक उत्कृष्ट कैडेट और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विधायक नीरा यादव जिला प्रशासन, योग प्रशिक्षकों, एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।


