‘एक ही थाली में खाया, फिर पीठ में छुरा घोंपा’, राज्यसभा चुनाव हार के बाद कांग्रेस नेताओं का बड़ा हमला

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार के बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई है। इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की ने भाजपा और सहयोगी दलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Jharkhand Rajya Sabha Result: झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया’  भाजपा ने एक बार फिर यह कहावत सच कर दिखाई। 

अंसारी ने कहा कि दुख चुनाव हारने का नहीं, दुख इस बात का है कि अपनों ने ही विश्वास तोड़ा और गद्दारी की। उनके मुताबिक अगर अपने साथ रहते तो भाजपा कभी यह चुनाव नहीं जीत पाती। उन्होंने कहा कि आज विरोधी जश्न मना रहे हैं, लेकिन यह हार नहीं, धनबल और सत्ता के दुरुपयोग की जीत है।

 उन्होंने आगे लिखा कि वे मायूस जरूर हैं, मन आहत है, लेकिन निराश नहीं। संघर्ष उनकी पहचान है और जनता उनका विश्वास। उन्होंने कहा कि वक्त बदलता है, हालात बदलते हैं और राजनीति में जीत-हार कभी स्थायी नहीं होती। आज उनका दिन है, कल हमारा भी आएगा। घाव गहरे हैं लेकिन हौसला जिंदा है और संघर्ष जारी रहेगा।

हार के बाद कांग्रेस नेता और राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर राजद और भाकपा माले को महागठबंधन की विचारधारा से मुंह फेरना ही था, तो पहले बता देते। चुनाव से पहले एक साथ बैठे, एक ही थाली में खाया और फिर पीठ में छुरा घोंप दिया। यह गठबंधन के साथ खुला विश्वासघात है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के सभी 16 विधायकों ने एकजुट होकर मतदान किया और प्रभारी के. राजू खुद पोलिंग एजेंट बने। यह हमारे लिए गर्व की बात है क्योंकि आज पूरे देश में विधायक बिक रहे हैं और पार्टियां टूट रही हैं। चुनाव के बाद प्रभारी ने मीडिया के सामने भी स्थिति स्पष्ट की। इस पूरी प्रक्रिया में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व के लिए उन्हें धन्यवाद।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More