असम में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत

कामरूप (असम): असम के कामरूप (ग्रामीण) जिले के रंगिया क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक और बोलेरो पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसा रंगिया-नाग्रिजुली मार्ग पर उस समय हुआ जब तीन युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान जुबैर हुसैन, नज़रुल सुल्तान और सुल्तान अली के रूप में हुई है। जुबैर और नज़रुल सगे भाई थे, जबकि सुल्तान अली उनका रिश्तेदार था।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक यूसुफ नगर स्थित एक संबंधी के घर से शादी की सूचना देकर खांदीकर स्थित अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से कुछ दूरी पहले उनकी बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार डीआई पिकअप वाहन से टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन के चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों में शामिल जुबैर हुसैन और नज़रुल सुल्तान क्रमशः देवलकुची हाई स्कूल में दसवीं और आठवीं कक्षा के छात्र थे। एक ही परिवार के तीन युवकों की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


