Dumka News: मूसलाधार बारिश से पोखर बनीं मुख्य सड़कें, दुकानों के सामने हुआ भारी जलजमाव

दुमका: गुरुवार को हुई तेज आंधी एवं मूसलाधार बारिश के कारण नोनीहाट बाजार के कई हिस्सों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। बाजार की मुख्य सड़कों पर बारिश का पानी भर जाने से पूरा क्षेत्र पोखर जैसा दिखाई देने लगा। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी घंटों तक सड़कों और दुकानों के सामने जमा रहा, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान बाजार में खरीदारी करने आए लोगों तथा राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई दुकानदारों ने बताया कि सड़कों पर पानी जमा होने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिसका असर उनके व्यवसाय पर भी पड़ा। वहीं, कुछ स्थानों पर नालियों के जाम रहने के कारण पानी सड़क पर फैल गया और स्थिति और गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
उनका कहना है कि बरसात के मौसम में हर वर्ष ऐसी समस्या उत्पन्न होती है, जिससे व्यापारियों एवं आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इधर, मौसम विभाग ने पूर्व में ही झारखंड के विभिन्न जिलों में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला और अच्छी बारिश हुई। हालांकि बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हुआ, वहीं जलजमाव की समस्या ने बाजारवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।


