भारतीय प्रधानमंत्री ने दुनिया के देशों को दिया संदेश: जेपी पांडेय
-1024x618.jpg)
रांची: भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के नेता सह झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने भारतीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि फ्रांस में आयोजित जी-7 देशों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व के राष्ट्राध्यक्षों को संबोधित करते हुए वैश्विक शांति और आपसी विश्वास का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज दुनिया में सबसे बड़ी कमी आपसी विश्वास की है, जो अत्यंत खतरनाक स्थिति पैदा कर रही है। इसका दुष्परिणाम विभिन्न देशों के बीच चल रहे युद्धों के रूप में देखा जा रहा है। एक ओर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव है, तो दूसरी ओर रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष जारी है।
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच भी महत्वपूर्ण वार्ता हुई, जिसमें वैश्विक चुनौतियों और युद्ध की स्थितियों पर चर्चा की गई। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को शांत, संयमित और प्रभावशाली नेता बताया तथा कहा कि आज मोदी जो कहते हैं, उसे पूरी दुनिया सुनती है।
पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। भारत तकनीक, रक्षा और आर्थिक क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जी-7 देशों को संबोधित करते हुए “सबका साथ, सबका विकास” को विश्व के लिए भी प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और दुनिया को साझेदारी तथा विश्वास के आधार पर आगे बढ़ना चाहिए।
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि युद्ध और समुद्री मार्गों में व्यवधान का सबसे अधिक असर विकासशील देशों पर पड़ता है। इससे ईंधन और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होती है। ऐसे मुद्दों पर सभी देशों को गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि मानवता और वैश्विक शांति की रक्षा की जा सके।


