Koderma News: जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

कोडरमा: जिला क्रिकेट एसोसिएशन (केडीसीए) के तत्वावधान में सत्र 2026-27 के इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डीएफओ रौशन कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को पूरी लगन और खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्हें हर दिन अपनी गलतियों से सीख लेकर उनमें सुधार करना चाहिए, न कि उन्हें अगले दिन के लिए टालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज खेल के क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर अपना भविष्य संवार सकते हैं। सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी नितीश कुमार निशांत ने कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। खिलाड़ियों को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए अच्छे प्रदर्शन के दम पर आगे बढ़ना चाहिए।
सीआईएसएफ के पूर्व असिस्टेंट कमांडेंट दामोदर सिंह ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए केडीसीए की ओर से इस तरह का आयोजन सराहनीय पहल है। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष साजिद हुसैन उर्फ लल्लू भैया ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन मैच की शुरुआत अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की। इसके बाद अतिथियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर मैच का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केडीसीए अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने की, जबकि संचालन संघ के सचिव दिनेश सिंह ने किया। मौके पर विवेकानंद चौधरी, अनिल सिंह, मनोज सहाय पिंकू, आलोक पांडेय, सोनू खान, मुकेश प्रभाकर, महेश भारती, आदित्य कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता विनय कुमार बेलू, चाइल्ड प्रोग्रेसिव स्कूल के निदेशक तौफीक हुसैन, संस्कार इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक मनोज कुमार, राजेश कुमार, नयन कुमार, सूरज यादव, राकेश पांडेय, वार्ड पार्षद किशोरी यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।


