झारखंड के खनिज भंडार में अमेरिकी कंपनियों की दिलचस्पी, दुर्लभ खनिजों पर फोकस

रांची: झारखंड में परंपरागत खनिजों के अलावा दुर्लभ खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) की खोज, खनन, प्रसंस्करण एवं तकनीकी सहयोग के क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों ने रुचि दिखाई है। इस संबंध में मंगलवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं अमेरिकी काउंसलेट जनरल कैली जाइल डियाज के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान झारखंड में खनिज क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक संभावनाओं पर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि राज्य में कोयला, लौह अयस्क, तांबा, बॉक्साइट, सोना और लाइमस्टोन जैसे परंपरागत खनिजों के विशाल भंडार उपलब्ध हैं तथा इनके खनन एवं प्रसंस्करण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
इसके अतिरिक्त, राज्य में दुर्लभ एवं महत्वपूर्ण खनिजों से संबंधित 20 से अधिक खनिज मौजूद हैं, जिनमें लिथियम, टाइटेनियम, वैनेडियम, सिल्वर, ग्रेफाइट सहित अन्य महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। साथ ही दुर्लभ खनिजों के नए क्षेत्रों के अन्वेषण की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है।
विश्व की अग्रणी कंपनियों से संपर्क में राज्य सरकार
बैठक के दौरान अमेरिकी काउंसलेट जनरल के माध्यम से अमेरिकी कंपनियों को झारखंड में खनन, खनिज अन्वेषण एवं उन्नत तकनीक आधारित गतिविधियों से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया। यह भी बताया गया कि इस क्षेत्र में उन्नत तकनीक के साथ कार्य कर रही विश्व की विभिन्न अग्रणी कंपनियों के साथ राज्य सरकार लगातार संपर्क स्थापित कर रही है और इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
इच्छुक कंपनियों द्वारा खनिज ब्लॉक प्राप्त कर अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से कार्य किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
USISPA ने दिखाई रुचि
बैठक में यह जानकारी भी साझा की गई कि अमेरिका की माइनिंग कंपनियों के समूह यूएसआईएसपीए (USISPA) ने झारखंड सरकार के साथ संपर्क स्थापित किया है। समूह ने खनिज ब्लॉकों की खुली नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की है। विशेष रूप से दुर्लभ खनिजों की खोज, खनन और प्रसंस्करण गतिविधियों में रुचि दिखाई गई है।
बैठक में खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अरवा राजकमल, खान निदेशक राहुल कुमार सिन्हा, अमेरिकी काउंसलेट जनरल कैली जाइल डियाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


