Koderma News: ग्रिजली विद्यालय तिलैया डैम में ‘किशोरों का मानसिक स्वास्थ्य’ पर काउंसलिंग आयोजित

विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सम्बोधित और जागरूक करतीं शिल्पी सिंह।

कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के स्टूडेंट्स सर्विस सेल द्वारा विद्यार्थियों के लिए विद्यालय के सभागार में ‘किशोरों का मानसिक स्वास्थ्य’ विषय पर विशेष करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की रिसोर्स पर्सन शिल्पी सिंह, बाल मनोवैज्ञानिक, करियर काउंसलर, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी हैं।
सत्र के दौरान शिल्पी सिंह ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में आने वाली भावनात्मक एवं मानसिक चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने तनाव, निराशा, असफलता एवं कठिन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता एवं सकारात्मक आत्म-छवि विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने स्वस्थ मित्रता एवं सकारात्मक सहपाठी संबंधों के महत्व के साथ-साथ ऑनलाइन एवं ऑफलाइन संबंधों में स्वस्थ सीमाएँ बनाए रखने पर जोर दिया। सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग, पर्याप्त नींद, नियमित दिनचर्या एवं संतुलित जीवनशैली को मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। तनाव प्रबंधन के लिए गहरी साँस लेने, माइंडफुलनेस, डायरी लेखन तथा रचनात्मक गतिविधियों जैसी सरल तकनीकों की जानकारी दी गई।

सत्र में बुलिंग, साइबरबुलिंग एवं सामाजिक दबाव के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि मदद माँगना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस और समझदारी की निशानी है। कठिन परिस्थितियों में माता-पिता, शिक्षक, काउंसलर अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से बात करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से कहा कि किशोरावस्था में विद्यार्थियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में ऐसा सकारात्मक वातावरण होना चाहिए, जहाँ विद्यार्थी अपनी समस्याओं और भावनाओं को सहजता से व्यक्त कर सकें।
कार्यक्रम को संवादात्मक बनाते हुए विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने का अवसर दिया गया। समर्थ पांडे, तन्वी, अन्वेषा, अजीत, रितेश एवं दिव्यांजलि सोरेन ने विभिन्न प्रश्न पूछकर सत्र में सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन स्टूडेंट्स सर्विस सेल के समन्वयक सुधांशु कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन स्टूडेंट्स सर्विस सेल की ओर से सुमित कुमार सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, संवादात्मक एवं प्रेरणादायक रहा। सत्र ने विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं कठिन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की समझ विकसित करने का संदेश दिया।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More