Hazaribagh News: एसबीआई मुख्य शाखा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

हजारीबाग: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), हजारीबाग के तत्वावधान में बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा स्थित वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश धुव्र चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन एवं देखरेख में किया गया। इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग के सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी ने दी।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकार मित्र बिकाश कुमार पाण्डेय ने वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजनों को उनके कानूनी अधिकारों, संरक्षण, कल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने उपस्थित लोगों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के विभिन्न प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है, जिसके संरक्षण के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, उनके लाभ तथा विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। अधिकार मित्र ने बताया कि वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ उठा सकें।
शिविर में उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की निःशुल्क हेल्पलाइन 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों और आमजनों की समस्याओं को सुनकर उन्हें आवश्यक विधिक परामर्श प्रदान किया गया तथा उनके समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या, अधिकारों के हनन अथवा निःशुल्क विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग से संपर्क कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, बैंक ग्राहक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


