Koderma News: विधायक के चालक की हत्या का मामला, परिजनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

कोडरमा: स्थानीय विधायक डॉ नीरा यादव के चालक राजकुमार यादव की हत्या के सात आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इस बाबत मृतक की पत्नी स्वेता देवी समेत ग्रामीणों ने आवेदन देकर निर्मम हत्या करने वाले बचे हुए हत्यारों को अविलम्ब गिरफतार करने की मांग की है।
इसमें कहा गया है कि गत 3 जून की रात्रि राजकुमार यादव पिता श्री दशरथ यादव चितरपुर वासी को भीखन यादव, गोपाल यादव, गुलबी देवी व परिवार के अन्य नौ सदस्यों ने मिलकर कुदाल, रॉड, गैता, फरसा आदि से हमला कर निर्मम हत्या कर दिया तथा राजकुमार यादव के पिता पुत्री एवं मां को मारकर भारी रूप से जख्मी बना दिया। इस मामले को लेकर पांच हत्यारों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जबकि कांड का आज चौथा दिन हो गया। बाकि अन्य सात हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अगर शेष हत्यारों की गिरफ्तारी 24 घंटों के अन्दर नहीं किया जाता है तो हम सब चितरपुर ग्रामीण लोकतंत्रीय तरीके से अगला कदम उठाने को बाध्य होंगें। उल्लेखनीय हो कि चालक राजकुमार यादव की हत्या के मामले में एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इनमें विजय यादव, नीरज यादव, राजू यादव, गोपाल यादव, सचिन यादव, लक्ष्मी कुमारी, सोनी देवी, सोनी कुमारी, गुलबी देवी, प्रमिला देवी, यशोदा देवी और भीखन यादव शामिल हैं। वहीं इनमें से अबतक गोपाल यादव, गुलबी देवी, भीखन यादव, सचिन यादव और विजय यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।


