Sahebganj News: जिरुल-करमाटांड़ सड़क चौड़ीकरण बना आफत, हल्की बारिश में ही आवागमन ठप्प

साहिबगंज: बोरियो प्रखंड अंतर्गत जिरुल से करमाटांड़ तक बन रही चौड़ीकरण सड़क इन दिनों लोगों के लिए आफत बन गई है। शनिवार को हुई हल्की बारिश से ही जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और आवागमन पूरी तरह ठप्प पड़ गया।
जेटके गांव में हालात सबसे बदतर
बारिश के बाद जेटके गांव में हालात बिगड़ गए हैं। सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण पैदल चलना तो दूर, साइकिल, मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। कई गाड़ियां कीचड़ में फंसकर जाम का शिकार हो गईं। शनिवार को साप्ताहिक हाट का दिन होने से दर्जनों गांवों के लोग बाजार आने-जाने में घंटों परेशान रहे। कीचड़ में फंसे लोग किसी तरह जान जोखिम में डालकर निकलते दिखे।
संवेदक पर लापरवाही का आरोप
जेटके गांव के शिवलाल ने बताया कि संवेदक की बड़ी लापरवाही है। महीनों से सड़क खुदी पड़ी है, पर मेटल नहीं डाला गया। नतीजा ये होता है कि हल्की बारिश में ही दर्जनों गांव का संपर्क टूट जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक ने वैकल्पिक रास्ते की कोई व्यवस्था नहीं की। खुदाई के बाद सड़क को ऐसे ही छोड़ दिया गया।
फौरन वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कर रही कंपनी के संवेदक से मांग की है कि जब तक सड़क पूरी नहीं बन जाती, तब तक लोगों के आने-जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। वरना बारिश में स्कूली बच्चे, मरीज और हाट-बाजार जाने वाले लोगों को भारी दिक्कत होगी।


