इंदौर में आज भारत-एलएसी व्यापार फोरम, 15 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

भोपाल: मध्य प्रदेश में निवेश, निर्यात और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से शनिवार को इंदौर में भारत-लैटिन अमेरिका और कैरिबियन (एलएसी) व्यापार-निवेश फोरम 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
जनसंपर्क विभाग के अनुसार, राज्य सरकार के सहयोग से ग्लोबल इंडिया बिज़नेस फोरम (GIBF) द्वारा इंदौर के होटल रेडिसन ब्लू में इस अंतरराष्ट्रीय फोरम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के 15 देशों के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनमें विभिन्न देशों के राजदूत, उच्चायुक्त और महावाणिज्यदूत शामिल हैं।
फोरम में 350 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी, जिनमें निवेशक, निर्यातक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, व्यापार आयुक्त, एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ और वरिष्ठ शासकीय अधिकारी शामिल रहेंगे। इसके अलावा देश के चार प्रमुख वाणिज्य एवं उद्योग मंडल भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडल निवेश प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही व्यापार एवं निवेश के अवसरों, विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग और सेवा क्षेत्र में निवेश संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी।
विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े सत्रों में फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। वहीं सेवा क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), पर्यटन, फिनटेक और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग एवं निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा होगी।
उद्योगों और निवेशकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को बढ़ावा देने के लिए फोरम में बी2बी (बिज़नेस-टू-बिज़नेस) और बी2जी (बिज़नेस-टू-गवर्नमेंट) बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा।


