Ranchi News: बैंक ऑफ इंडिया ने एमएसएमई आउटरीच में बांटे ₹51.75 करोड़ के स्वीकृति पत्र

रांची: बैंक ऑफ इंडिया,अंचल द्वारा होटल बीएनआर चाणक्य, एमएसएमई आउटरीच एवं ईसीएलजीएस 5.0 ग्राहक संपर्क कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, वित्तीय समाधानों तथा उद्यम विकास हेतु उपलब्ध अवसरों से अवगत कराना एवं उनके व्यवसायिक विस्तार को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंद्रजीत यादव, निदेशक, एमएसएमई डीएफओ तथा अमरेन्द्र कुमार, निदेशक, मत्स्य विभाग थेI बैंक की ओर से दीप शंकर, उप महाप्रबंधक, अमित कुमार भदानी, आंचलिक प्रबंधक, ज्योति कुमार सिंह, उप आंचलिक प्रबंधक तथा सुश्री मीनू कुमारी जैन, सहायक महाप्रबंधक सहित उद्यमी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि इंद्रजीत यादव ने राज्य में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा रोजगार सृजन में बैंकिंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया द्वारा एमएसएमई क्षेत्र के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उद्यमियों से उपलब्ध वित्तीय अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अमित कुमार भदानी, आंचलिक प्रबंधक, रांची अंचल ने बैंक ऑफ इंडिया की विभिन्न एमएसएमई एवं व्यवसायिक ऋण योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया उद्यमियों को त्वरित, सुरक्षित एवं भरोसेमंद बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम के दौरान 159 लाभार्थियों को रू. 51.75 करोड़ के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। बैंक ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम उद्योग, बैंकिंग एवं उद्यमिता जगत के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा राज्य में एमएसएमई क्षेत्र के समग्र विकास को गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।


