Bokaro News: विश्व पर्यावरण दिवस पर बीजीएच में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बोकारो: स्टील प्लांट द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास विभाग द्वारा झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के सहयोग से बोकारो जनरल अस्पताल में बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियमों पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों, नर्सिंग छात्राओं तथा अस्पताल कर्मियों के बीच बायो-मेडिकल अपशिष्ट के सुरक्षित पृथक्करण, उपचार एवं निपटान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियम, 2016 तथा इसके विभिन्न संशोधनों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने बायो-मेडिकल अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अस्पताल कर्मियों एवं नर्सिंग छात्राओं के लिए बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन विषयक क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उपस्थित अधिकारियों ने अपने संबोधन में बायो-मेडिकल अपशिष्ट के उचित पृथक्करण एवं सुरक्षित निपटान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि बोकारो जनरल अस्पताल में बायो-मेडिकल अपशिष्ट के सुरक्षित निष्पादन हेतु 50 किलोग्राम प्रति घंटा क्षमता का द्वि-स्तरीय इंसिनरेटर, 102 केएलडी क्षमता का एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट तथा 500 केएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित है। इन सुविधाओं के माध्यम से अपशिष्ट जल का उपचार, पुनर्चक्रण एवं पुनः उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर बोकारो स्टील प्लांट द्वारा संयंत्र, नगर सेवा तथा अस्पताल क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचाया जा रहा है।


