Koderma News: मारवाड़ी महिला समिति ने ज्येष्ठ अधिकमास पर गौशाला में की विशेष गौ-सेवा
-1024x614.jpeg)
कोडरमा: ज्येष्ठ अधिकमास के पावन अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, झुमरीतिलैया शाखा द्वारा गौ-सेवा एवं धर्मार्थ कार्यों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति की सदस्याओं ने स्थानीय गौशाला पहुंचकर गौमाताओं की सेवा की तथा उनके लिए गुड़, हरा चारा, रोटी, जलेबी, खीरा सहित विभिन्न खाद्य सामग्रियों का दान किया।
कार्यक्रम के दौरान समिति की महिलाओं ने गौमाता को अपने हाथों से चारा एवं भोजन खिलाया तथा गौ-सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ-सेवा को विशेष महत्व दिया गया है और ज्येष्ठ अधिकमास में किए गए पुण्य कार्यों का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।
ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा, करुणा और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश प्रसारित होता है। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष उषा शर्मा, सचिव पायल पंकज जोशी, आशिका सहल, अंजू लढ़्ढा, रश्मि लढ़्ढा, रुचि लढ़्ढा, आँचल लढ़्ढा, केशव लढ़्ढा एवं हार्दिक लढ़्ढा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने गौशाला में समय व्यतीत करते हुए गौमाताओं की सेवा की और उनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समिति की अध्यक्ष उषा शर्मा ने कहा कि सामाजिक एवं धार्मिक दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ गौ-सेवा जैसे कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। वहीं सचिव पायल पंकज जोशी ने बताया कि समिति समय-समय पर सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है और भविष्य में भी ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होने पर समिति की सदस्याओं ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


