Sahebganj News: मालिन स्वास्थ्य उपकेंद्र पर लटका मिला ताला, कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

साहिबगंज: ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कांग्रेस स्वास्थ्य विभाग के जिला अध्यक्ष प्रमित तिवारी के औचक निरीक्षण में बरहरवा प्रखंड स्थित मालिन ग्राम का स्वास्थ्य उपकेंद्र बंद मिला। गेट पर ताला लटका देख ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। प्रमित तिवारी ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायत मिल रही थी कि मालिन स्वास्थ्य उपकेंद्र अक्सर बंद रहता है। ग्रामीणों को इलाज के लिए भटकना पड़ता है। शिकायत की सच्चाई जानने जब वे खुद केंद्र पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला।
प्रमित तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार और विभाग की पहली जिम्मेदारी है। केंद्र बंद रहने से लोगों को अनावश्यक परेशानी हो रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अगर केंद्र ही बंद रहेंगे तो ग्रामीणों का सरकारी सेवाओं से भरोसा उठ जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कहा कि स्वास्थ्य उपकेंद्र को नियमित रूप से खोला जाए और यहां डॉक्टर व दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रमित तिवारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे यह मुद्दा उच्च अधिकारियों के सामने उठाएंगे। निरीक्षण के दौरान विक्की यादव, गोपाल साहा, संतोष मिश्रा, अमरकांत भगत, अरुण साहा समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।
जब सरकार हर पंचायत में स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने का दावा करती है, तो मालिन जैसे केंद्रों पर ताला क्यों लटकता है? बीमार को डॉक्टर नहीं, ताला मिले तो वो इलाज कराने कहां जाए? उपकेंद्र का ताला सिर्फ गेट पर नहीं, सिस्टम की नीयत पर सवाल है। जांच हो, कार्रवाई हो, तभी भरोसा बचेगा।


