Koderma News: मॉडर्न पब्लिक स्कूल के तीन छात्रों ने JEE Advanced में गाड़ा झंडा, पार्थ अग्रवाल को मिला CRL 2866

कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल के तीन मेधावी छात्रों ने JEE Advanced 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, परिवार एवं शहर का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र पार्थ कुमार अग्रवाल ने CRL 2866, अरमान सूद ने CRL 5126 तथा राघव सोमानी ने CRL 23593 रैंक हासिल की है।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इन छात्रों ने पूर्व में भी कीर्तिमान स्थापित किए हैं। ये तीनों छात्र कक्षा 12वीं में जिला टॉपर तथा अरमान JEE Mains में जिला टॉपर रह चुके हैं। साथ ही पार्थ कुमार अग्रवाल ने कक्षा 12वीं में राज्य में छठा स्थान प्राप्त किया था।
इन तीनों छात्रों की सफलता का आधार मॉडर्न पब्लिक स्कूल ही रहा है। अरमान सूद और राघव सोमानी ने प्री-प्राइमरी PG से ही मॉडर्न पब्लिक स्कूल में शिक्षा ग्रहण की है। वहीं पार्थ कुमार अग्रवाल कक्षा 4 से प्राइमरी सेक्शन में विद्यालय से जुड़े और कक्षा 12वीं तक का सफर यहीं पूरा किया। नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक विद्यालय के शिक्षकों ने इन्हें निरंतर मार्गदर्शन दिया।
प्रधानाचार्य जी. सी. वर्मा ने कहा , हमारे छात्रों की यह सफलता उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। पार्थ, अरमान और राघव ने सिद्ध कर दिया कि सही लगन और फोकस से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। ये बच्चे केवल विद्यालय का ही नहीं, बल्कि पूरे शहर का गौरव हैं। मैं सभी छात्रों, उनके माता-पिता और उन सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई देता हूँ जिन्होंने प्रारंभ से 12वीं तक इन्हें गढ़ा है।
निदेशिका संगीता शर्मा ने कहा , यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। JEE Advanced जैसी कठिनतम परीक्षा में हमारे तीन छात्रों का चयन विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है। इस सफलता में बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता का त्याग, दृढ़ संकल्प और हर कदम पर दिया गया साथ भी शामिल है। अभिभावकों के सहयोग के बिना यह परिणाम संभव नहीं था। ये बच्चे अपने जूनियर्स के लिए प्रेरणा हैं और संदेश देते हैं कि अगर आप जीवन में फोकस्ड हैं तो किसी भी ऊंचाई को छू सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने तीनों छात्रों, उनके अभिभावकों एवं समस्त शिक्षकगण को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी है तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है।


