Bokaro News: पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर 53 गश्ती बाइकों को पुलिस केंद्र से किया रवाना

पुलिस केंद्र से 53 नई गश्ती बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते बोकारो पुलिस अधीक्षक।

बोकारो: दुर्गा पूजा व आने वाले त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस बल को नई ताकत मिली है। मंगलवार को पुलिस केंद्र में 53 नई बाइकों का आवंटन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर बाइकों को रवाना किया। अधिकारियों ने पुलिस जवानों को नई बाइकें सौंपीं।इन बाइकों के जरिए शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त तेज होगी और किसी भी सूचना पर पुलिस कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी।

पुलिस के सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दूसरे चरण के तहत पुलिस को 53 नई बाइकें दी गई हैं। इससे पहले पहले चरण में 103 बाइकें उपलब्ध कराई गई थीं। इस तरह दोनों चरणों को मिलाकर करीब 156 नई बाइकें पुलिस को मिल चुकी हैं। इसके अलावा पुलिस को 78 अत्याधुनिक बोलेरो वाहन पहले भी मिल चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नई बाइकों के टीम में शामिल होने से पुलिस को नई ताकत मिली है हैं। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चारपहिया वाहनों से गश्त करना मुश्किल होता है। बाइक से पुलिसकर्मी आसानी से इन इलाकों में पहुंच सकेंगे। इससे पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम कम होगा और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

कुल मिलाकर, दुर्गा पूजा व त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की तैयारियों को नई मजबूती मिली है। अब नई बाइकों के जरिए पुलिस की गश्त तेज करने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी है। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी बाइकों में जीपीआरएस लगाया गया है ताकि पुलिस कर्मी कहां ड्यूटी कर रहे है उसका पता चल सके।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More