साहिबगंज नगर परिषद का बड़ा फैसला, शिकायतों के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

साहिबगंज: अब नगर परिषद के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोगों की शिकायत दूर करने और बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने हेल्पलाइन नंबर 9229257143 जारी किया। इसको लेकर नगर परिषद सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उद्घाटन अध्यक्ष रामनाथ पासवान, उपाध्यक्ष विनीता देवी और कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कहा कि लोगों को अपनी समस्या के लिए नगर परिषद का चक्कर नहीं काटना पड़े। इसी उद्देश्य से बोर्ड ने निर्णय लिया कि हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए। उन्होंने बताया कि उपरोक्त नंबर पर कॉल करके या व्हाट्सएप पर लिखित शिकायत भेज सकते हैं।
शिकायत का समाधान 24 से 48 घंटे में किया जाएगा।
वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक सिंह ने कहा कि सरकार ने हाल में लोगों की समस्या का त्वरित समाधान करने की पहल की है। इसी कड़ी में नगर परिषद बोर्ड ने भी यह हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यह नंबर 24 घंटे काम करेगा और शिकायतों का निपटारा 24 से 48 घंटे में होगा। मौके पर सिटी मैनेजर, वार्ड पार्षद दीपा देवी, चमरु उरांव, सुनील भरतिया, नगर परिषद के कर्मचारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
इधर लोगों का कहना है कि हेल्पलाइन नंबर जारी करना आसान है, असली परीक्षा 48 घंटे में समाधान की है। अगर वाकई नाली, पानी, सफाई की शिकायत 2 दिन में निपट गई, तो ये गेमचेंजर होगा। वरना ये नंबर भी बाकी सरकारी नंबरों की तरह ‘नॉट रीचेबल’ हो जाएगा।


