Sahebganj News: उच्च विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिले मेडल और प्रशस्ति पत्र

साहिबगंज: योगीचक जयरामपुर उच्च विद्यालय, राजमहल में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन और विशिष्ट अतिथि मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह थे। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि महरूफ भी उपस्थित रहे।
मॉडल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और प्रतिभा के माध्यम से ही समाज एवं राष्ट्र का विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य एवं निदेशक रूपेश चौरसिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मान पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कॉपी-किताब से निकलकर जब मंच पर मेडल चमकते हैं, तो गांव के स्कूल से भी देश का भविष्य निकलता है। योगीचक जयरामपुर के बच्चों ने बता दिया- टैलेंट को सिर्फ मौका चाहिए।


